बेंगलुरु की बाउंस 2014 में स्कूटर किराये के प्लेटफ़ॉर्म के तौर पर शुरू हुई थी और बाद में वाहन बनाने की तरफ़ मुड़ गई। 2021 में उसने 22Motors को करीब 70 लाख डॉलर में खरीदा, जिसके साथ भिवाड़ी (राजस्थान) का प्लांट आया, सालाना क्षमता 1,80,000 यूनिट। दिसंबर 2021 में पेश Infinity E1 भारत का पहला ऐसा स्कूटर था जिसे बैटरी के बिना खरीदा जा सकता था: बैटरी और चार्जर के साथ कीमत 68,999 रुपये, बैटरी को सब्सक्रिप्शन पर लेने पर 45,099 रुपये एक्स शोरूम दिल्ली। स्वैपिंग स्टेशन पर खाली बैटरी बदलने में एक मिनट लगता है।
बाउंस का तर्क चलाने के खर्च पर टिका है, न कि रफ़्तार या फ़ीचर पर, इसलिए यह शहर में रोज़ छोटी दूरी तय करने वालों और बिना चार्जिंग सुविधा वाले किरायेदारों को जमता है। दिक्कत पैमाने में है: FY23 में 91 करोड़ रुपये का कारोबार अगले साल घटकर करीब 36 करोड़ रह गया, लाइनअप एक ही मॉडल परिवार तक सीमित है और स्वैपिंग नेटवर्क कुछ शहरों में ही सघन है। अपने शहर में स्टेशन गिनकर ही फ़ैसला लेना चाहिए।
अभी कोई समीक्षा नहीं है — सबसे पहले आप लिखें!